वाराणसी। समाजवादी पार्टी की युवजन सभा के नेता प्रभु साहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत है।
सपा युवजन सभा के वाराणसी के सचिव प्रभु साहनी की कुछ लोगों ने सिंधिया घाट के पास गोली मारकर हत्या कर दी। साहनी का नाव बांधने को लेकर रिश्तेदारों से लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार को प्रभु साहनी जैसे ही संकठा मन्दिर से दर्शन के बाद सिंधिया घाट लौट रहा था कि वहां पर घात लगाए बदमाशों ने सीने में तीन गोलियां दाग दी।
ताबड़तोड़ गोली चलने के बाद वहां पर खलबली मच गई। गंभीर रूप से जख्मी प्रभु साहनी को लेकर वहां पर मौजूद लोग अस्पताल भागे लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश में जुट गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से 9 एमएम का एक खोखा बरामद किया है।